मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचकर भगवान आशुतोष की आराधना की। मुख्यमंत्री ने वन क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक बनखंडी महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और चहुंमुखी विकास की कामना की। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों और शिवभक्तों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आध्यात्मिक ऊर्जा के संचार का संदेश दिया।
न्याय के प्रहरियों को मिला अपना ‘घर’
धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात मुख्यमंत्री धामी खटीमा सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबर्स का भव्य लोकार्पण किया। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के पूरा होने पर मुख्यमंत्री ने कानूनी बिरादरी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज का वह स्तंभ हैं जो आम आदमी के जीवन में न्याय की लौ जलाए रखते हैं।
अधिवक्ताओं की भूमिका की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा, “अधिवक्ता केवल कानूनी विशेषज्ञ नहीं, बल्कि समाज के सजग प्रहरी हैं। बेहतर कार्यस्थल मिलने से वे और अधिक ऊर्जा के साथ पीड़ितों को न्याय दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे।” कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
