विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन
देहरादून। मंगलौर विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता काज़ी निज़ामुद्दीन ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उत्तराखंड की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देवभूमि में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
मूल कर्तव्यों से भटकी पुलिस!
विधायक ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस को उसके मूल कर्तव्य यानी ‘अपराध नियंत्रण’ से हटाकर खनन जैसे कार्यों में उलझा दिया गया है। उन्होंने कहा, “जब पुलिस का ध्यान कानून व्यवस्था के बजाय अन्य गतिविधियों पर होगा, तो अपराधियों में डर खत्म होना लाजमी है।” उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में दिनदहाड़े फायरिंग और लूट की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
बाहरी अपराधियों के लिए ‘सॉफ्ट टारगेट’ बना उत्तराखंड
काज़ी निज़ामुद्दीन ने चिंता जताई कि बाहर से आने वाले अपराधी अब उत्तराखंड को एक आसान ठिकाना (Safe Haven) समझने लगे हैं। प्रशासन पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल सख्त कदम उठाए और पुलिस की जवाबदेही तय करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पुलिस बल को पारदर्शी तरीके से तैनात नहीं किया जाएगा, तब तक प्रदेश में शांति और विश्वास बहाल करना नामुमकिन है।
