मेगा सफाई अभियान
‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की थीम पर सड़क पर उतरा प्रशासन, सिडकुल उद्यमियों और शांतिकुंज के अनुयायियों ने किया श्रमदान
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हरिद्वार को ‘स्वस्थ और सुंदर’ जनपद बनाने की दिशा में शनिवार को एक बड़ी मुहिम शुरू की गई। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की विशेष थीम पर जिला प्रशासन ने पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर मेगा सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ उद्यमियों और स्वयंसेवकों ने मिलकर पसीना बहाया।
पंतद्वीप पार्किंग में अधिकारियों ने किया श्रमदान
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र और उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार स्वयं पंतद्वीप पार्किंग पहुंचे। यहाँ उन्होंने शांतिकुंज के अनुयायियों और नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई की। अधिकारियों ने झाड़ू थामकर न केवल कचरा साफ किया, बल्कि आम जनमानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। सिडकुल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और उद्यमियों ने भी अपनी इकाइयों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
सामूहिक जिम्मेदारी से ही सुंदर बनेगा हरिद्वार
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग का काम नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हरिद्वार एक विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, इसे स्वच्छ रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
वहीं, एसडीएम जितेंद्र कुमार ने जोर देते हुए कहा कि हरिद्वार में साल भर मेलों और धार्मिक आयोजनों का तांता लगा रहता है, जिससे यहाँ करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। यदि हम सफाई को अपनी दिनचर्या (डेली रूटीन) का हिस्सा बना लें, तो आसपास का वातावरण स्वतः ही स्वच्छ बना रहेगा। प्रशासन ने अपील की है कि स्थानीय नागरिक भी इस मुहिम से जुड़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
