प्रतीक जैन, प्रबंध निदेशक (GMVN)
ऋषिकेश। विश्व की योग राजधानी ऋषिकेश एक बार फिर वैश्विक योग प्रेमियों के स्वागत के लिए तैयार है। गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने जानकारी दी है कि वर्ष 2026 का भव्य ‘इंटरनेशनल योग फेस्टिवल’ 16 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस सात दिवसीय कार्यक्रम की तिथियां पहले ही निर्धारित कर दी गई हैं, जिससे पर्यटन और योग के क्षेत्र में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।
गंगा रिजॉर्ट के घाट पर सजेगा योग का मंच
यह प्रतिष्ठित आयोजन ऋषिकेश स्थित GMVN की प्रमुख संपत्ति गंगा रिजॉर्ट में किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र रिजॉर्ट के सामने स्थित पवित्र गंगा घाट होगा, जहाँ देश-विदेश से आने वाले साधक योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास करेंगे। एमडी प्रतीक जैन के अनुसार, इस महोत्सव में दुनिया भर के प्रतिष्ठित योग गुरुओं को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि प्रतिभागियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके।
उत्तराखंड पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाइयां
GMVN की इस पहल का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पटल पर बढ़ावा देना है।
“हमारा प्रयास है कि इस भव्य आयोजन के जरिए योग सीखने के इच्छुक लोगों को एक उच्च स्तरीय मंच प्रदान किया जाए। इससे न केवल स्थानीय पर्यटन को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य की आर्थिकी को भी नई दिशा मिलेगी।” — प्रतीक जैन, प्रबंध निदेशक (GMVN)
