नैनीताल\लालकुआँ। जहाँ सरकार हर साल जल संचयन योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं लालकुआँ के अम्बेडकर नगर वार्ड-एक में पिछले एक सप्ताह से टूटी पाइपलाइन के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी नाली और सड़कों में बहकर बर्बाद हो रहा है।
-
यह समस्या अंबेडकर नगर वार्ड एक स्थित कन्या इंटर कॉलेज के पास है, जिससे न सिर्फ पानी बर्बाद हो रहा है, बल्कि सड़क को भी नुकसान हो रहा है।
-
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जल विभाग की ओर से कोई ध्यान न दिए जाने पर लोगों में भारी आक्रोश है।
-
क्षेत्रीय लोगों ने मौखिक रूप से प्रशासन को कई बार अवगत कराया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर या समाधान नहीं मिला।
कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी:
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवन पांडे ने जल विभाग के अधिशासी अभियंता को जानकारी देकर लीकेज तुरंत ठीक करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे शहर में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है और विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, केवल भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। पांडे ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पाइपलाइन ठीक नहीं की गई तो नगरवासियों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
