SSP हरिद्वार- प्रमेन्द्र सिंह डोभाल
हरिद्वार। धर्मनगरी के रविदास घाट के निकट बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का एक छात्र गंगनहर के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।
पैर फिसलने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, IIT रुड़की में एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र आशिष शुक्ला बुधवार शाम करीब 6:20 बजे अपने कुछ साथियों के साथ गंगनहर किनारे घूमने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टहलते समय अचानक आशीष का पैर फिसल गया और वह सीधे उफनती गंगनहर में जा गिरा। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
SSP खुद पहुंचे ग्राउंड जीरो पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने स्वयं कमान संभाली। उन्होंने तत्काल रविदास घाट पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और लापता छात्र के साथियों से पूछताछ की। SSP ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
चलाया जा रहा है महा-अभियान
छात्र की तलाश के लिए जल पुलिस के साथ-साथ SDRF, NDRF और रुड़की आर्मी की टीमों को भी मोर्चे पर लगाया गया है। रात का समय होने और पानी की गति तेज होने के बावजूद गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस प्रशासन छात्र के परिजनों और संस्थान के संपर्क में है।
“पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ छात्र की तलाश में जुटी है। सभी विशेषज्ञ टीमों को सर्च ऑपरेशन में लगा दिया गया है। हमारी प्राथमिकता छात्र को जल्द से जल्द तलाशने की है।” > — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार
