कर्नल रोहित चौधरी
देहरादून। राजधानी के जोहड़ी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड, जिसमें सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की जान चली गई, अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस का पूर्व सैनिक विभाग बेहद आक्रोश में है। सोमवार को विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी देहरादून पहुँचे और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे सैन्य बहुल राज्य में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर सुरक्षित नहीं है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस तरह से एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी को मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मार दी गई, वह राज्य में बिगड़ते सुरक्षा हालातों का प्रमाण है। चौधरी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
आंदोलन की दी चेतावनी
कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए और सैनिक परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस का पूर्व सैनिक विभाग सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग भी उठाई।
