दिनदहाड़े हत्या
दो दिन के भीतर राजधानी में दूसरी बड़ी वारदात; बाइक सवार तीन बदमाशों ने विक्रम शर्मा को उतारा मौत के घाट
देहरादून | उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की सख्ती के दावों के बीच शुक्रवार सुबह शहर के पॉश इलाके राजपुर रोड पर स्थित सिल्वर सिटी के पास दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। सनसनीखेज बात यह है कि दो दिन पहले भी शहर में इसी तरह दिनदहाड़े एक हत्या हुई थी, जिसके जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि इस दूसरी वारदात ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
सुबह 10:15 बजे की घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे की है। विक्रम शर्मा जब राजपुर रोड के पास थे, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से विक्रम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक बदमाश रफूचक्कर हो चुके थे।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किए हैं।
जल्द होगा खुलासा:आईजी गढ़वाल
दो दिन पहले हुई हत्या के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इस नई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। मामले पर बोलते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा, “पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
