देहरादून जिला न्यायालय
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में मिल रही धमकियों के बीच अब राजधानी देहरादून के जिला न्यायालय को भी ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस सूचना के बाद कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला।
पुलिस और बम डिस्पोजल टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
धमकी भरा ईमेल प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड तत्काल मौके पर पहुँचे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। पुलिस की टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ मिलकर चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। हालांकि, काफी घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
‘भेड़िया आया’ वाली स्थिति से बढ़ी चिंता
जांच पूरी होने के बाद कोर्ट में कामकाज दोबारा सुचारू कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने गहरी चिंता व्यक्त की।
“यह स्थिति अब ‘भेड़िया आया’ वाली कहानी जैसी लगने लगी है। बार-बार मिल रही इन धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। हमें सचेत रहना होगा ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी या दुर्घटना से बचा जा सके।”
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह ईमेल कहाँ से भेजा गया था और इसके पीछे किसका हाथ है। सभी वकीलों और वादकारियों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
