देहरादून। जिला अधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और कई मामलों का तत्काल निस्तारण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस संकल्प को दोहराया जिसमें अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति, विशेषकर दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और वंचित वर्ग को हर हाल में प्राथमिकता दी जाए।
डीएम ने कहा कि चाहे मुख्यालय पर जन सुनवाई हो, बहुद्देशीय शिविर हों या दूरस्थ क्षेत्रों में चौपाल, हर जगह यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष की समस्या का त्वरित समाधान हो। उन्होंने बताया कि हर सोमवार को होने वाली नियमित जन सुनवाई के अलावा अधिकारी दूरदराज के इलाकों में पूरा दिन बिताते हैं ताकि लोगों को अपनी बात रखने के लिए शहर नहीं आना पड़े। आज की जन सुनवाई में लगभग 170 प्रकरण सामने आए। जिन शिकायतें ज्यादातर बिजली, पानी, सड़क और राजस्व से जुड़ी थीं। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया जबकि कुछ प्रकरणों में अन्य विभागों से आख्या या कानूनी स्पष्टीकरण की जरूरी था। ऐसे सभी मामलों को समयबद्ध कर डिजिटल नेटवर्क मॉनिटरिंग सिस्टम में दर्ज किया गया है ताकि निरंतर फॉलोअप हो सके।
जिला अधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्राथमिकता वाले मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनता दरबार के बाद डीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि जनता की समस्याओं का समाधान सबसे ऊपर है और हम इसी दिशा में पूरी ताकत से काम कर रहे हैं।
