उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद
रामनगर: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष प्रदेशभर से कुल 2,16,109 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,660 और इंटरमीडिएट के 1,03,449 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभापति डॉ. मुकुल कुमार सती की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बोर्ड परीक्षाएं आगामी 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलविहीन बनाने के लिए प्रदेशभर में 1261 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अति-संवेदनशील की श्रेणी में रखकर वहां विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
परिषद सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि मुख्य परीक्षाओं से पूर्व प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी तक संपन्न कराई जाएंगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से जनपद स्तरीय व आंतरिक सचल दल मुस्तैद रहेंगे। प्रश्नपत्रों और परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए 13 मुख्य और 26 उप-संकलन केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि गोपनीयता और अनुशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। इस समीक्षा बैठक में अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव और अन्य वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
