रामनगर
नैनीताल: कोतवाली क्षेत्र के लुटाबड़ इलाके में शनिवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुराना विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडों और मारपीट में करीब एक दर्जन लोग लहूलुहान हो गए। घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
घर में घुसकर हमले का आरोप
पहले पक्ष के इरशाद ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विवाद काफी पुराना है। इरशाद के मुताबिक, जब वे नमाज के बाद परिवार के साथ खाना खा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी बेटी का हाथ तोड़ दिया, भांजी के कपड़े फाड़ दिए और उनकी पत्नी के कुंडल तक छीन लिए। हमले में इरशाद के बहनोई बेहोश हो गए और वे अभी भी अस्पताल में गंभीर स्थिति में हैं।
दूसरे पक्ष ने आरोपों को नकारा
वहीं, दूसरे पक्ष के मोहम्मद इमरान ने इन आरोपों को निराधार बताया है। इमरान का कहना है कि उनकी मां और पिता अपनी मौसी के घर जा रहे थे, तभी रास्ते में इरशाद के परिवार ने उनके साथ बदतमीजी और मारपीट शुरू कर दी। इमरान का दावा है कि इस झगड़े में उनके परिवार के बच्चों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
“दोनों पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — सुशील कुमार, कोतवाल, रामनगर
