यूकेडी
सतपुली । उत्तराखंड क्रांति दल की ‘गढ़वाल संवाद यात्रा’ शनिवार को सतपुली पहुंची, जहां पार्टी पदाधिकारियों ने जनसभा और रैली के माध्यम से सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। यूकेडी नेताओं ने विधानसभा चौबट्टाखाल की बदहाली और मंडल मुख्यालय पौड़ी की उपेक्षा के लिए दोनों राष्ट्रीय दलों को बराबर का जिम्मेदार ठहराया।
मूल निवासियों की अनदेखी का लगाया आरोप
सतपुली बाजार में आयोजित रैली के दौरान यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि बारी-बारी से प्रदेश की सत्ता संभालने वाली भाजपा और कांग्रेस ने कभी भी मूल निवासियों के हितों के लिए ठोस नीति नहीं बनाई। उन्होंने कहा, “आज मंडल मुख्यालय पौड़ी पलायन का दंश झेल रहा है, लेकिन सरकारें गहरी नींद में सोई हैं। विकास के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।”
पहाड़ खाली हो रहे, बाहरी लोग बना रहे ठिकाना: आशुतोष नेगी
केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी ने कहा कि पहाड़ों के अनुकूल योजनाएं न होने के कारण स्थानीय लोग शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की तलाश में पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पहाड़ खाली हो रहे हैं और दूसरे राज्यों के लोग यहां आकर स्थाई निवास बना रहे हैं, जो भविष्य के लिए घातक है।
क्षेत्रीय शक्ति को बहुमत देने की अपील
पदाधिकारियों ने एकजुट स्वर में कहा कि केवल यूकेडी ही उत्तराखंड की अस्मिता और जल-जंगल-जमीन की रक्षा कर सकती है। उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता से क्षेत्रीय दल को भारी बहुमत दिलाने की अपील की।
इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत, कार्यालय प्रभारी देवचंद उत्तराखंडी, संगठन मंत्री जवाहर भट्ट, केंद्रीय महामंत्री नीरजा कुकसाल पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे
ये भी पढ़े : कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के कार्यक्रम में जेबकतरे का आतंक
