मंत्री गणेश जोशी
डिजिटल क्रांति से संवरेगा किसानों का भविष्य
देहरादून। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित सर्किट हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘भारत विस्तार ऐप’ के लॉन्च समारोह में प्रतिभाग किया। जयपुर से शुरू की गई इस राष्ट्रव्यापी पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों के लिए एक गेम-चेंजर माना जा रहा है।
एक क्लिक और एक कॉल पर मिलेगी कृषि की हर जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि इस आधुनिक ऐप के जरिए किसानों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। किसानों को खेती से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए केवल एक नंबर डायल करना होगा। यह ऐप एआई तकनीक पर आधारित है, जो किसानों को निम्नलिखित सुविधाएं प्रदान करेगा:
-
फसल प्रबंधन: बुवाई से लेकर कटाई तक का सही तरीका।
-
उन्नत बीज: क्षेत्र के अनुसार बेहतरीन बीजों की जानकारी।
-
मौसम पूर्वानुमान: सटीक मौसम की जानकारी ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
-
सरकारी योजनाएं: केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी व अन्य योजनाओं का विवरण।
एआई तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय
मंत्री जोशी ने जोर देते हुए कहा, “आज का युग तकनीक और एआई का है। हमारा लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीक का लाभ सीधे खेत-खलिहानों तक पहुंचे। ‘भारत ऐप’ के माध्यम से मिलने वाला सही मार्गदर्शन न केवल किसानों का समय बचाएगा, बल्कि उनकी पैदावार बढ़ाकर आय दोगुनी करने में भी सहायक सिद्ध होगा।”
सरकार की इस पहल को कृषि क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है।
