संदीप चमोली
देहरादून। केशव थलवाल प्रकरण को लेकर उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग अब पुलिस की चौखट तक पहुँच गई है। अधिवक्ता संदीप मोहन चमोली ने रोशन रतूड़ी नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को लिखित शिकायत प्रेषित की है। एडवोकेट चमोली ने आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की मांग की है।
भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप
एडवोकेट संदीप मोहन चमोली ने स्पष्ट किया कि रोशन रतूड़ी का केशव थलवाल प्रकरण से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति केवल सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहा है। सत्यता प्रमाणित करने के लिए एडवोकेट चमोली ने केशव थलवाल की जमानत के दौरान प्रस्तुत उपस्थिति पत्र की प्रमाणित छाया प्रति भी सार्वजनिक की है।
छवि धूमिल करने पर जताई आपत्ति
शिकायती पत्र में कहा गया है कि रोशन रतूड़ी द्वारा लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से अधिवक्ता चमोली की व्यक्तिगत छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके विरुद्ध आपत्तिजनक और असम्मानजनक शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है, जिसे अधिवक्ता ने गंभीर आपत्तिजनक कृत्य बताया है।
कठोर कार्रवाई की मांग
अधिवक्ता चमोली ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि राज्य की भावनाओं से खिलवाड़ करने और असत्य जानकारी फैलाने वाले तत्वों पर तत्काल प्रभाव से नकेल कसी जाए। उन्होंने कहा कि न्याय और सत्य की रक्षा के लिए यह कानूनी कदम उठाना अनिवार्य हो गया था।
ये भी पढ़े : भवाली रोड पर अनियंत्रित होकर पलटी बस
