मच्छी बाजार की घटना
देहरादून | राजधानी के कोतवाली नगर क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने सरेआम एक युवती पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह घटना मच्छी बाजार के पास स्थित एक गली की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बातचीत के दौरान अचानक किया हमला
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय युवती सोमवार दोपहर अपने घर से बाहर निकली थी। मच्छी बाजार के पास गली में उसकी मुलाकात 27 वर्षीय आकाश कुमार से हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच बातचीत चल रही थी कि अचानकआरोपी ने अपना आपा खो दिया और पास रखे धारदार हथियार से युवती की गर्दन पर जोरदार हमला कर दिया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
लहूलुहान हालत में युवती को तुरंत दून चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी आकाश कुमार (पुत्र कोमल राम), निवासी मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला को कोतवाली नगर क्षेत्र से ही दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।
