देहरादून। कैबिनेट व ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पथरिया पीर में सीवर लाइन बिछाने के कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। पेयजल निगम द्वारा शुरू की जा रही इस परियोजना से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय लोग मंत्री का आभार जताने पहुंचे।
शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पथरिया पीर क्षेत्र में आबादी का दबाव पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। पुरानी सीवर लाइन वर्तमान जनसंख्या के भार को सहने में सक्षम नहीं थी, जिससे स्थानीय लोगों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि लगभग 13 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह नई सीवर लाइन आधुनिक मानकों के अनुरूप होगी, जिससे करीब 9000 से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
मंत्री जोशी ने कहा, “विकास कार्यों में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखना आवश्यक है। यह परियोजना न केवल जलभराव और गंदगी की समस्या को खत्म करेगी, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता के स्तर को भी बढ़ाएगी।” उन्होंने पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
इस दौरान स्थानीय निवासियों ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सीवर लाइन की मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्र के पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
