संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में हरिद्वार में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक व्यापक अभियान चलाया गया।
हरिद्वार। प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग हरिद्वार द्वारा एक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (सड़क सुरक्षा एवं प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत प्रवर्तन और जागरूकता दोनों पर जोर दिया गया।
रिफ्लेक्टिव टेप से सुरक्षित होगी रात की राह
अभियान के दौरान डॉ. चमोला ने स्वयं सड़कों पर उतरकर मालवाहक और यात्री वाहनों का निरीक्षण किया। रात्रिकालीन दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से वाहनों पर ‘रिफ्लेक्टिव टेप’ लगाने की ड्राइव चलाई गई। जिन वाहनों में मानक के अनुरूप टेप नहीं पाए गए, उन्हें मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विभाग का मानना है कि रिफ्लेक्टिव टेप से रात के अंधेरे और कोहरे में वाहनों की दृश्यता बढ़ती है, जिससे हादसों की संभावना कम हो जाती है।
नियम तोड़ने वालों पर चला चाबुक
जागरूकता के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई। ओवर-स्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और नशे में ड्राइविंग जैसे गंभीर उल्लंघन करने वालों के मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत ई-चालान काटे गए। इसी क्रम में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा का महत्व समझाया गया।
पार्क से सीखेंगे नौनिहा
डॉ. अनीता चमोला ने निर्माणाधीन ‘चिल्ड्रन एकेडमी पार्क’ का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस पार्क के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाएगी।
-
वर्तमान प्रगति: 70 फीसदी कार्य पूर्ण।
-
डेडलाइन: कार्यदायी संस्था को 31 जनवरी तक सिविल कार्य और 31 मार्च तक पूरा प्रोजेक्ट हैंडओवर करने के निर्देश।
“हमारा उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना है। चिल्ड्रन एकेडमी पार्क बच्चों को भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।” — डॉ. अनीता चमोला, आरटीओ (प्रवर्तन)
