एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर अभियान तेज; वाहन चालकों से अपील—’एक छोटा सा रिफ्लेक्टर बचा सकता है बड़ी जान’।
हरिद्वार। उत्तर भारत में बढ़ते कोहरे और ठंड के कारण सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देशन में यातायात पुलिस रुड़की ने सड़क सुरक्षा अभियान को तेज कर दिया है। अभियान के तहत रात के समय और घने कोहरे में दृश्यता (Visibility) बढ़ाने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं।
कोहरे में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की तैयारी
एसएसपी हरिद्वार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम के चलते सड़क हादसों में वृद्धि हुई है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने सड़कों पर चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रकों और अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस का मानना है कि कोहरे के दौरान पीछे से आ रहे वाहनों को रिफ्लेक्टर की चमक से वाहन की दूरी का सही अंदाज़ा लग जाता है, जिससे भिड़ंत का खतरा कम हो जाता है।
कंपनियों और वाहन संचालकों को निर्देश
पुलिस प्रशासन ने केवल सड़क पर चल रहे वाहनों ही नहीं, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों और कंपनियों में चलने वाले वाहन संचालकों से भी संपर्क साधने का निर्णय लिया है। संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने सभी व्यावसायिक वाहनों पर अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगवाएं।
पुलिस की अपील: लापरवाही पड़ सकती है भारी
यातायात पुलिस ने आम जनमानस और वाहन स्वामियों से आग्रह किया है कि:
-
जिन वाहनों पर अभी तक रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगे हैं, वे तुरंत नजदीकी दुकान या पुलिस की सहायता से इसे लगवाएं।
-
रात के समय और कोहरे में वाहन की गति नियंत्रित रखें।
-
टेल लाइट और इंडिकेटर्स को चालू हालत में रखें।
“सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। एक छोटा सा रिफ्लेक्टर टेप कोहरे के दौरान बड़ी जिम्मेदारी निभाता है और संभावित हादसों को टालने में मददगार साबित होता है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।” — प्रमेंद्र सिंह डोभाल, एसएसपी हरिद्वार
