सिमली के भौंरेधार गांव में खुशी की लहर; दादा और भाई के बाद अब “कुशु” संभालेंगे देश की कमान
चमोली | सीमांत जनपद चमोली के नारायणबगड़ प्रखंड अंतर्गत सिमली ग्राम पंचायत के भौंरेधार गांव निवासी योगंबर सिंह “कुशु” ने भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) से पास आउट होकर सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शनिवार को देहरादून में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड (POP) में उनके कंधे पर सितारों के सजते ही उनके परिजन भावुक हो उठे।
सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया
योगंबर सिंह एक गौरवशाली सैन्य पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके दादा रामसिंह नेगी सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके बड़े भाई गंभीर सिंह नेगी वर्तमान में बंगाल इंजीनियरिंग में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। अपने नाती को सैन्य अधिकारी बनते देख दादा रामसिंह नेगी और दादी उखादेवी की खुशी का ठिकाना न रहा। परेड के दौरान माता-पिता पुष्कर नेगी व शशि देवी और बुआ रेखा भंडारी भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
तीन नौकरियों का किया त्याग
योगंबर के दादा रामसिंह नेगी ने बताया कि उनका नाती बचपन से ही सेना में अफसर बनने का सपना देखा करता था। अपने लक्ष्य के प्रति वह इस कदर समर्पित था कि उसने तीन-तीन सरकारी नौकरियों में चयन होने के बावजूद उन्हें ज्वाइन नहीं किया। कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प के दम पर आखिरकार उसने आईएमए की राह प्रशस्त की और सेना में अधिकारी बनकर अपना सपना पूरा किया।
लेफ्टिनेंट योगंबर सिंह “कुशु” की प्रारंभिक शिक्षा:
-
प्राथमिक: राजकीय प्राथमिक विद्यालय असेड सिमली।
-
माध्यमिक: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पैंटी।
-
हाईस्कूल व इंटर: कर्णप्रयाग।
-
उच्च शिक्षा (B.Sc): श्रीनगर और देहरादून।
क्षेत्र में जश्न का माहौल
योगंबर सिंह की इस उपलब्धि पर सिमली और भौंरेधार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को बधाई दी और कहा कि योगंबर ने न केवल अपने गांव बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में अधिकारी बनने की प्रेरणा मिलेगी।
