थराली विधायक भूपाल राम टम्टा बैरंग लौटे; कार्यकर्ताओं का अपमान बताकर जांच की बात कही; PWD अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
चमोली/थराली| चमोली जिले के कुलसारी में पिंडर नदी पर कुलसारी और सुनाऊँ गांव को जोड़ने वाले मोटरपुल के शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। शिलान्यास और भूमि पूजन का कार्यक्रम थराली विधायक भूपाल राम टम्टा द्वारा किया जाना था, लेकिन उनके तय समय पर नहीं पहुंचने से लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने पुल का शिलान्यास थराली ब्लॉक प्रमुख के हाथों ही करा दिया।
कार्यकर्ताओं ने रोका विधायक का वाहन
शिलान्यास की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और इसे विधायक व संगठन का अपमान बताते हुए कार्यक्रम स्थल से चले गए। कुछ देर बाद जब विधायक टम्टा वहां पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही उनका वाहन रोककर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए विधायक भूपाल राम टम्टा ने इसे कार्यकर्ताओं का अपमान बताया और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई। नाराज विधायक कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे बिना ही बैरंग लौट आए। विधायक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में रोष था क्योंकि भूमि पूजन उनकी गैर-मौजूदगी में शुरू हो गया था, इसलिए उन्होंने वापस लौटना उचित समझा और अब वह इस मामले की जांच की बात कर रहे हैं।
PWD ने दी सफाई
हालांकि, विधायक की नाराजगी के बाद भी शिलान्यास स्थल पर भूमि पूजन जारी रहा। इस मामले पर सफाई देते हुए लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमित पुरोहित ने कहा कि विधायक के आने से पहले ही पूजा शुरू हो गई थी, जिसे बाद में रोक दिया गया था। कनिष्ठ अभियंता ने दावा किया कि इस प्रकरण में विभागीय अधिकारियों का कोई दोष नहीं है।
