कालाढूंगी के धमोला में कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खेत में पलटी बस; 40 से अधिक लोग थे सवार
नैनीताल\कालाढूंगी | रामनगर–हल्द्वानी मोटर मार्ग पर रविवार शाम कालाढूंगी थाना क्षेत्र के धमोला इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक पैसेंजर बस और कार के बीच टक्कर होने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में 6 से 7 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें लगने की सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना शाम के समय हुई जब रामनगर से हल्द्वानी जा रही बस के आगे चल रही एक कार ने अचानक कुत्ते को बचाने के प्रयास में इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही बस के चालक ने कार को बचाने के लिए ब्रेक लगाए, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह 35 से अधिक सवारियों को लेकर खेत में जा पलटी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय रामनगर भेजा, जहाँ उनका उपचार जारी है।
रामनगर सीओ सुमित पांडे ने पुष्टि की कि प्राथमिक जांच में कार चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना ही हादसे का कारण सामने आया है, और बस में करीब 30 से 35 सवारियां मौजूद थीं। यात्रियों ने बताया कि बस पूरी तरह भरी हुई थी और कुल 40 से अधिक लोग सवार थे। फिलहाल पुलिस ने यातायात सामान्य कर दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
