श्यामपुर कांगड़ी में चला पीला पंजा; डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त आदेशों के बाद जनपद हरिद्वार में सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया तेजी पकड़ रही है। इसी क्रम में, शनिवार को श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बीघा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हाल ही में ग्राम समाज की इस बहुमूल्य जमीन पर से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों के बाद, प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शुरू की। अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पीला पंजा (बुलडोजर) चलाया गया और पूरी जमीन को खाली करा लिया गया।
डीएम का सख्त संदेश:
डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता को चेतावनी देते हुए कहा कि लोग सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने की इस मुहिम से प्रशासन की सख्ती और सरकार की मंशा साफ झलकती है।
