देहरादून। उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे नर्सिंग बेरोजगारों के तेवर गुरुवार को एक बार फिर उग्र हो गए। नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के देहरादून स्थित आवास का घेराव किया।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
नर्सिंग कर्मियों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शनकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं।
राजनीति रंगत
इस प्रदर्शन को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत का समर्थन भी मिला, जिसके बाद धरना स्थल पर राजनीतिक रंग भी देखने को मिला। हरक सिंह रावत ने धरने में शामिल होकर प्रदर्शनकारियों की मांग का समर्थन किया।
मुख्य मांग: वर्षवार भर्ती हो
नर्सिंग एकता मंच की प्रमुख मांग है कि नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की भांति वर्षवार (Year-wise) आयोजित किया जाए।
पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा, “सरकार को वर्षवार वरीयता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया जारी रखनी चाहिए। इससे भर्ती में वरिष्ठता और निष्पक्षता बनी रहेगी।” उन्होंने सरकार से वर्षवार भर्ती लागू करने का आह्वान किया।
