प्रेमनगर से दूधली तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, 7 किमी सड़क बनेगी डबल लेन
देहरादून |डोईवाला को देहरादून से जोड़ने वाला दूधली रोड बायपास मार्ग काफी संकरा होने के कारण हादसों का गढ़ बना हुआ था।
इस मार्ग पर अब तक कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तो वहीं अब दुधली रोड चौड़ीकरण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है । स्थानीय लोगों व ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है।
मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बड़ी कार्रवाई शुरू करते हुए प्रेमनगर से दूधली तक सड़क किनारे बने अवैध अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। PWD की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और दोनों तरफ के अतिक्रमण तेजी से ध्वस्त किए जा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया, “लगभग 7 किलोमीटर लंबा दूधती डोईवाला मार्ग दशकों पुराना सिंगल लेन था। अब इसे डबल लेन किया जाएगा। सबसे पहले अतिक्रमण हटाने का काम बत रहा है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा।”
इस मार्ग के चौड़ी होने से डोईवाला, भानियावाला, मियांवाला, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट आने जाने वालों को भारी राहत मिलेगी। साथ ही लगातार हो रहे हादसों पर भी लगाम लगेगी।
