देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में उत्तराखंड के पर्यटन, तीर्थाटन और इसे एक प्रमुख ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ बनाने की क्षमता की सराहना किए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने पीएमके दृष्टिकोण को हाथोंहाथ लेते हुए इसे राज्य के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बताया है, जबकि विपक्षी कांग्रेस ने इसे 2027 के विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए पीएम पर निशाना साधा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद देते हुए कहा कि ‘मन की बात’ में उत्तराखंड का विशेष जिक्र पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।और पीएम के इस उल्लेख से राज्य के पर्यटन को नई दिशा, नई ऊर्जा और दुनिया में मजबूत पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि देवभूमि अपनी संस्कृति, प्राकृतिक खूबसूरती और एडवेंचर गतिविधियों के दम पर तेजी से विश्व पर्यटन मानचित्र पर छा रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ली चुटकी
तो वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री के संबोधन पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीएम के बयान पर चुटकी लेते हुए इसे आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों से जोड़ा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, “अब जब प्रदेश में चुनाव करीब आ रहे हैं, तो स्वाभाविक है कि प्रधानमंत्री को लगातार उत्तराखंड की याद सताती रहेगी। अगर प्रधानमंत्री को उत्तराखंड से इतना ही प्रेम है, तो अच्छा होता कि राज्य के रजत जयंती कार्यक्रम में आकर वे प्रदेश के लिए कोई बड़ी आर्थिक या विकास योजना की घोषणा करके जाते। मन की बात केवल तारीफों तक सीमित क्यों?”

गोदियाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य के युवाओं के लिए रोजगार सृजन या पलायन जैसी गंभीर समस्याओं पर कोई ठोस योजना पेश नहीं कर रही है, और 2027 में होने वाले चुनाव के लिए केवल पर्यटन की बातें कर रही है जिससे जनता का ध्यान भड़क सके।
