अनुकृति गुसाईं
कहा- राजनीतिक और पारिवारिक दबाव के आगे नहीं झुकूंगी, भाजपा के साथ पूरी निष्ठा से खड़ी हूं; कांग्रेस नेताओं को दी नसीहत
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अनुकृति ने साफ शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना उनका व्यक्तिगत निर्णय है और इसके लिए किसी तरह का राजनीतिक या पारिवारिक दबाव जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन पर चाहे राजनीतिक दबाव बनाया जाए या पारिवारिक, वह किसी भी परिस्थिति में झुकने वाली नहीं हैं।
अनुकृति गुसाईं ने कहा कि जिस तरह हर व्यक्ति को अपनी राजनीतिक विचारधारा चुनने, अपनी पार्टी के लिए काम करने और अपनी विचारधारा को आगे बढ़ाने का अधिकार है, उसी तरह उन्हें भी अपनी पसंद की राजनीतिक पार्टी के साथ जुड़ने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सदस्यता लेना उनका पूरी तरह निजी फैसला है। अपनी विचारधारा चुनने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अधिकार उन्हें भी है। इसलिए उनके इस फैसले पर किसी को संदेह नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए अनुकृति ने कहा कि उन्हें राजनीतिक या पारिवारिक दबाव में लाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को ऐसे प्रयासों से बचने की नसीहत भी दी। अनुकृति ने दो टूक कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की एक समर्पित सिपाही हैं और पूरी निष्ठा एवं मजबूती के साथ अपनी पार्टी के साथ खड़ी हैं।
गौरतलब है कि अनुकृति गुसाईं के ससुर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने एक दिन पहले ही मीडिया के सामने स्वीकार किया था कि वह अपनी बहू अनुकृति को भी कांग्रेस में वापस लाने के लिए मनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बयान के बाद अनुकृति का यह जवाब सामने आया है। उन्होंने अपने राजनीतिक फैसले को व्यक्तिगत बताते हुए स्पष्ट कर दिया कि वह अपनी मौजूदा पार्टी और विचारधारा के साथ आगे बढ़ेंगी।
