अंकिता भंडारी की मां
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सोनी देवी ने जाहिर की पीड़ा, आईजी गढ़वाल ने देहरादून एसएसपी को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सोनी देवी ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। वीडियो में उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने सरकार के खिलाफ कुछ बोला तो उनके परिवार का पता तक नहीं चलेगा। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सोनी देवी ने बताया कि वह अपनी बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पिछले चार वर्षों से संघर्ष कर रही हैं। इस दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और कहा जा रहा है कि यदि उन्होंने सरकार के खिलाफ आवाज उठाई तो उनके परिवार का कोई पता नहीं चलेगा। सोनी देवी ने वीडियो के माध्यम से अपनी चिंता और पीड़ा जाहिर करते हुए परिवार की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
वीडियो में उन्होंने अंकिता भंडारी के चरित्र को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बेटी के साथ हुई घटना के बाद भी कुछ लोग उसके चरित्र को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्हें दुख है। उन्होंने इस तरह की टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने इसे गंभीरता से लेते हुए देहरादून एसएसपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आईजी ने कहा है कि पुलिस सोनी देवी और उनके परिवार से संपर्क स्थापित करे और उनसे औपचारिक शिकायत प्राप्त करे। इसके साथ ही धमकी देने वाले व्यक्तियों की पहचान कर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाए।
आईजी की ओर से दिए गए निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि धमकी देने वालों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाए और उनकी पहचान होने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सोनी देवी को धमकी किसने दी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल, मामला सामने आने के बाद परिवार की सुरक्षा और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
