पुलिस घटना स्थल पर
सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर की घटना, पुरानी रंजिश के चलते दिया गया वारदात को अंजाम
-
घटनास्थल: सेलाकुई थाना क्षेत्र का जमनपुर, विकासनगर (देहरादून)।
-
मृतक: राजपाल (उम्र 25 वर्ष)।
-
आरोपी: जितेंद्र कुमार (निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश)।
-
वजह: शराब के नशे में कहासुनी और पुरानी रंजिश।
-
कारवाई: प्राथमिकी दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी।
देहरादून| उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब शराब पीने के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान आरोपी ने युवक के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कैसे हुआ विवाद?
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इस दौरान बिल्डिंग के बाहर रास्ते में रहने वाले 25 वर्षीय राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई और गुस्से में आकर जितेंद्र ने राजपाल के सीने पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मौके पर पहुंची। सेलाकुई थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि पुलिस ने तुरंत गंभीर रूप से घायल राजपाल को 108 एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से आरोपी जितेंद्र कुमार (मूल निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश) मौके से फरार चल रहा है।
10-15 दिन पहले भी हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक राजपाल और आरोपी जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी खान-पान को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
