मुख्यमंत्री धामी
देहरादून: आगामी कुंभ मेले और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा से लेकर सोशल मीडिया की निगरानी तक, इंटेलिजेंस विंग ने कई स्तरों पर अपनी रणनीति को तेज कर दिया है।
हाल ही में डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में इंटेलिजेंस के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की आंतरिक सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर गंभीर मंथन किया गया और कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।
-
मुख्यमंत्री और वीआईपी सुरक्षा: विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। चुनावों के दौरान मुख्यमंत्री के बढ़ने वाले दौरों और अन्य मंत्रियों के कार्यक्रमों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी और फैक्ट चेक: धार्मिक और सरकारी आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर चौबीस घंटे नजर रखने को कहा गया है। साथ ही, भ्रामक खबरों और अफवाहों से निपटने के लिए एक प्रभावी ‘फैक्ट चेक’ व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर पैनी नजर: अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्र विरोधी तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के अधिकारियों की उच्चस्तरीय ‘इंटर एजेंसी को-ऑर्डिनेशन’ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
चारधाम यात्रा और कुंभ मेला सुरक्षा: वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले के सकुशल संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया है। इसके लिए आवश्यक जनशक्ति, तकनीकी उपकरणों और संसाधनों का प्रबंधन समय से पूरा करने को कहा गया है।
-
त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता: आगामी राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के दृष्टिगत संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
