एसटीएफ के शिकंजे में नशीली दवा के व्यापारी (
रुड़की : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसटीएफ देहरादून, कलियर पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर औचक छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-
छापेमारी की जगह: मोनी मेडिकल स्टोर (सावरी नावेद टी स्टॉल के सामने, पिरान कलियर)।
-
बरामदगी: 1150 ‘Puroxiwin Spas’ (ट्रामाडोल) कैप्सूल और 10 ‘Codeictus TR’ कोडीन कफ सिरप।
-
गिरफ्तार आरोपी:
-
कुर्बान अली (उम्र 40 वर्ष, निवासी महमूदपुर)
-
आदिल (उम्र 24 वर्ष, निवासी मुकरपुर)
-
-
कारवाई करने वाली टीम: एसटीएफ देहरादून, ड्रग विभाग और कलियर पुलिस।
पकड़े जाने से बचने के लिए अपनाते थे शातिर तरीका
एसटीएफ निरीक्षक भवानी शंकर पंत ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी कानून की पकड़ से बचने के लिए दवाओं की मूल पैकिंग और लेबल हटाकर उन्हें खुले में बेचते थे। दुकान पर न तो दवाओं की खरीद-बिक्री का कोई वैध रिकॉर्ड मिला और न ही किसी चिकित्सक का कोई प्रिस्क्रिप्शन (पर्ची) मौजूद था। आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं को सीधे नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कलियर में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
जनता से अपील: एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर नशा तस्करी जैसे गंभीर अपराध का हिस्सा न बनें। यदि आपके आसपास ऐसा कोई अवैध कारोबार चल रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को दें।
