कांग्रेस
देहरादून|बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर कांग्रेस अब ब्लॉक स्तर तक अभियान को ले जाने की तैयारी में है। संगठन ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई है।
कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू किया जाएगा। चमोली जिले के जोशीमठ से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। आगामी दो माह तक हर ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में बनी रणनीति
रविवार को कांग्रेस भवन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध न होने के गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के बाद प्रेसवार्ता में उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, मनरेगा, लघु व कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
प्रदेश के युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने की मांग
इसके लिए सरकार को ठोस और दीर्घकालिक रोजगार नीति बनानी चाहिए। सरकारी विभागों के खाली पदों पर शीघ्र भर्ती, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में सरकार को तत्काल कदम उठाने के लिए विवश किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा कि सरकार की ओर से रोजगार व स्वरोजगार के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता और आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ‘काम मांगो अभियान’ का उद्देश्य सरकार से रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए उनके अधिकार का काम और सम्मानजनक रोजगार मांगना है। अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से की जाएगी।
पहले चरण में चमोली, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर व नैनीताल जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी गंभीर सिंह जयाड़ा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ, हल्द्वानी महानगर विजय सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
