व्यापारी का शव मिला
मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव नदी के समीप था। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।
एसएसआई सतेंद्र भाटी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना पर कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में की। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।
मौके पर खड़ी कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके अंदर शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन मिला। शव काफी गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। टीमों ने काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
