सीएम आवास घेराव
देहरादून| हल्द्वानी में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के तथाकथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इसके विरोध में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री आवास घेराव और जोरदार शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस इसे जनता की भावनाओं के साथ विश्वासघात बता रही है।
-
सीएम आवास घेराव आज: हल्द्वानी घटना के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा दून पहुंच चुकी हैं और उनके नेतृत्व में यह प्रदर्शन ऐतिहासिक होने का दावा किया जा रहा है।
-
विवाद की मुख्य वजह: 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की रैली के बाद स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराया गया था। कांग्रेस थानों में तहरीर देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज न होने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने से बेहद आक्रामक है।
-
पार्टी में शामिल होंगे नए चेहरे: प्रदर्शन से ठीक पहले कांग्रेस कुनबे को मजबूती मिलने जा रही है। पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया, जिन्होंने हाल ही में भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था, अपने समर्थकों के साथ आज कांग्रेस का हाथ थामेंगे।
-
हरीश रावत का मौन व्रत: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता हरीश रावत स्वास्थ्य कारणों के चलते फिलहाल नई दिल्ली में हैं। उन्होंने घोषणा की है कि उत्तराखंड में अस्पृश्यता और अपमानकारी छुआछूत को संरक्षण देने वाली ताकतों के विरोध में वे अपने दिल्ली आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे।
कुमारी सैलजा का बयान: “भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के बाद इस तरह की ओछी हरकतें आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा के हथकंडों को बेनकाब करती हैं।”
