देहरादून में दो पक्षों में खूनी संघर्ष
देहरादून : प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत केहरी गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहाँ मुख्य हाईवे पर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। प्रेमनगर थाने से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना के दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और सरेराह एक-दूसरे पर लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस मारपीट में युवकों के साथ-साथ युवतियां और महिलाएं भी शामिल थीं, जिससे मुख्य हाईवे पर कुछ देर के लिए भारी अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
पारिवारिक विवाद के चलते हुआ था झगड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। फ्लाई ओवर के पास किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद वे वहां से चले गए थे, लेकिन कुछ देर बाद केहरी गांव में एक हार्डवेयर की दुकान के सामने वे दोबारा भिड़ गए। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, जिसके बाद प्रेमनगर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी की तहरीर पर दोनों पक्षों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 115(2), 351 और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
