पुलिस घटना स्थल पर
रुड़की : शहर के रसूलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौटते समय अचानक लापता हुए 14 वर्षीय छात्र का शव ढंडियानवाला के पास रवासन नदी के किनारे से बरामद किया गया है। मृतक छात्र की पहचान नौवीं कक्षा के छात्र आर्यन भट्ट (पुत्र मंगलेश भट्ट) के रूप में हुई है, जो दो बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता वन विभाग में दैनिक श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ अंदेशा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को आर्यन स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचा था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली, जिसमें छात्र मां काली मंदिर की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा था। यह रास्ता रवासन नदी के बीच से होकर रसूलपुर गांव की तरफ जाता है। तभी से यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि छात्र नदी के बढ़े हुए जलस्तर की चपेट में आ गया होगा।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रही मौजूद
शुक्रवार तड़के से ही ग्रामीण और परिजन छात्र की तलाश में जुटे हुए थे। खोजबीन के दौरान ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे छात्र का शव मिल गया। सूचना मिलते ही लालढांग चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
