भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर
देहरादून: हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल के हवन-पूजन और शुद्धिकरण किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पुलिस मुख्यालय का घेराव किया और प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अनुसूचित जाति वर्ग का अपमान करार देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर दी है।
विकासनगर और सहसपुर में भी सौंपा गया शिकायत पत्र
राजधानी देहरादून के विकासनगर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को कार्यकर्ताओं ने विकासनगर, सहसपुर कोतवाली और सेलाकुई थाने में औपचारिक शिकायत पत्र सौंपे। इन शिकायतों में घटना को समाज के एक वर्ग विशेष का अपमान बताते हुए शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी भी की।
कांग्रेस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद इस तरह का कृत्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और दलित वर्ग को नीचा दिखाने का प्रयास है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
