मसूरी मालरोड पर हुड़दंग
मसूरी मालरोड पर हुड़दंग: स्कूटी पर बैठने को लेकर भिड़े पालिका कर्मी और स्थानीय युवक, जमकर चले लात-घूंसे
मसूरी: उत्तराखंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मसूरी की मालरोड पर शनिवार सुबह जमकर बवाल हुआ। पिक्चर पैलेस स्थित भगत सिंह चौक (मालरोड बैरियर) पर स्कूटी पर बैठने की एक मामूली सी बात पर नगर पालिका कर्मचारी और स्थानीय युवक के बीच विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच सड़क पर ही जमकर लात-घूंसे चले। इस घटना से मालरोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।
तहरीर में दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप
-
पालिका कर्मी का पक्ष: नगर पालिका कर्मचारी किशोर रावत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह वह पिक्चर पैलेस बैरियर पर ड्यूटी पर थे। इसी दौरान स्थानीय युवक स्वराज पंवार उनके स्कूटर पर बैठ गया। जब उन्होंने युवक को नीचे उतरने के लिए कहा, तो वह बहस करने लगा और अभद्रता पर उतर आया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उनका चश्मा टूट गया और उन्हें चोटें आईं। कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ युवक आए दिन बैरियर पर घूमकर इस तरह की हरकतें करते हैं, जिससे शहर का माहौल खराब हो रहा है।
-
युवक का पक्ष: दूसरी ओर, युवक स्वराज पंवार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह पालिका कर्मचारी के स्कूटर पर बैठा था, जिसके बाद कर्मचारी ने वहां आकर स्कूटर तोड़ने की बात कही और उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। युवक का आरोप है कि कर्मचारी अपनी ड्यूटी का रौब दिखा रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ कुलड़ी पुलिस चौकी ले आई।
मसूरी कोतवाली के एसएसआई सतेंद्र भाटी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नगर पालिका कर्मचारी की ओर से मारपीट की लिखित तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
