इन दिनों पहाडी क्षेत्रों में आए दिन रिहायशी इलाकों में भालुओं के देखे जाने और लोगों पर हमले किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं,अभी हाल ही में जिला मुख्यालय के समीप भी सड़कों पर भालुओं को धडडले से घूमते हुए देखा गया था जिसके कारण लोगों में दहशत का माहोल बना हुआ है। जिसके चलते मानव-जीव संघर्ष की संभावनाएं बढ़ती जा रही है।

अब ताजा वाकया जनपद के थराली प्रखंड के सगवाडा गांव में रविवार देर शाम को अपने घर के पास खेतों में चारापत्ती लेने गए व्यक्ति पर पहले से ही घात लगाए बैठे भालू ने अचानक हमला कर दिया।सगवाडा गांव निवासी धन सिंह बिष्ट पर अचानक हुए भालू के हमले से वह बदहवासी में चिल्लाने लगे। आसपास के खेतों और गांव में उनकी चीख-पुकार सुनकर अन्य लोगों ने भी हो हल्ला मचाया तब जाकर भालू ने धन सिंह बिष्ट को जख्मी कर भाग गया।

भालू के हमले से बुरी तरह ज़ख़्मी धन सिंह बिष्ट को ग्रामीण तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाए जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। धन सिंह बिष्ट की जख्मी हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर श्रीनगर भेज दिया गया जहां उनका फिलहाल उपचार चल रहा है।
ग्राम प्रधान दिनेश बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है और घायल धन सिंह बिष्ट को उपचार के लिए आर्थिक सहायता तथा क्षेत्र से भालू को पकड़ने की अपील भी की गई है।

