पीपलकोटी टनल
चमोली: पीपलकोटी में टीएचडीसी की विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद जारी राहत एवं बचाव अभियान में मंगलवार को बड़ी सफलता मिली है। रेस्क्यू टीमों ने टनल में लापता चल रहे दोनों श्रमिकों के शव बरामद कर लिए हैं।
बरामद शवों को पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेज दिया गया है।
टनल में लगातार चल रहा था सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद से रेस्क्यू टीमें टनल के अंदर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। टनल में जमा पानी को बाहर निकालने का काम भी साथ-साथ किया जा रहा था, ताकि सुरंग के अंदर पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश की जा सके।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद एक शव की पहचान लुकास टोपनो (31) पुत्र बोयसा टोपनो, निवासी ग्राम सीमरटोली, पोस्ट कामरा, जिला खूंटी, झारखंड के रूप में हुई है।
हादसे के समय टनल में थे 22 श्रमिक
जानकारी के अनुसार हादसे के समय निर्माणाधीन टनल में कुल 22 श्रमिक मौजूद थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हादसे में 8 श्रमिकों की मौत हो चुकी थी, जबकि 2 श्रमिक लापता थे।
इन दोनों लापता श्रमिकों की तलाश के लिए पिछले कई दिनों से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मंगलवार को दोनों के शव बरामद होने के बाद हादसे में मृत श्रमिकों की संख्या 10 हो गई है। रेस्क्यू टीमों ने बरामद शवों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
