आत्महत्या
क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र के अटलांटिस हॉस्टल की घटना; मृतक निखिल कुमार सिंह छत्तीसगढ़ के रायपुर का रहने वाला था और बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था।
देहरादून: देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र स्थित अटलांटिस हॉस्टल में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के एक 19 वर्षीय छात्र ने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, शव काफी अकड़ा हुआ था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने काफी समय पहले फांसी लगाई होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान निखिल कुमार सिंह (19) पुत्र राजेश कुमार सिंह, निवासी रायपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। वह ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था। सोमवार को हॉस्टल वार्डन की सूचना पर पुलिस टीम अटलांटिस हॉस्टल पहुंची, जहां छात्र का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला।
फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य, आज होगा पोस्टमार्टम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई। इसके बाद रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा गया। मामले की गहन जांच के लिए फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। रात होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई मंगलवार को की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह और छात्र द्वारा इस खौफनाक कदम को उठाए जाने के पीछे की परिस्थितियों की हर पहलू से जांच की जा रही है।
