कावड़ यात्रा मास्टर प्लान तैयार करती पुलिस टीम
30 जुलाई से शुरू होगी यात्रा, 17 जुलाई को पड़ोसी राज्यों के पुलिस अफसरों के साथ होगी महाबैठक
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली इस पावन यात्रा और 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के जलाभिषेक पर्व को सुरक्षित, सुगम और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने अपना विशेष ‘मास्टर प्लान’ तैयार कर लिया है।
तैयारियों की कमान खुद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर संभाल रहे हैं। यात्रा को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर व्यापार मंडल, गंगा सभा और टैक्सी-टेंपो यूनियनों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें पूरी कर ली हैं। इस बार एक्सप्रेस-वे को ध्यान में रखते हुए एक नया और बेहद व्यावहारिक ट्रैफिक व रूट प्लान तैयार किया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों और कांवड़ियों दोनों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।
17 जुलाई को होगी अंतरराज्यीय बैठक
सुरक्षा और आपसी समन्वय को और मजबूत करने के लिए आगामी 17 जुलाई को एक बड़ी अंतरराज्यीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में सीमाओं पर सुरक्षा, रूट डाइवर्जन और संदिग्धों पर नजर रखने के लिए संयुक्त रणनीति बनाई जाएगी।
हाईटेक होगी सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार कांवड़ मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक और चाक-चौबंद रहेगी। भीड़ नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क की मदद ली जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
