भाजपा-कांग्रेस
-
भाजपा का तंज: कांग्रेस की अंदरूनी आग बुझाने दिल्ली से आ रही ‘फायर ब्रिगेड’
-
कांग्रेस का पलटवार: वेणुगोपाल के दौरे से सहमी भाजपा, कार्यकर्ताओं में जगेगी नई ऊर्जा
देहरादून: कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के आगामी उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस दौरे को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जहाँ एक तरफ भाजपा इसे कांग्रेस की अंतर्कलह दबाने की कोशिश बता रही है, वहीं कांग्रेस का दावा है कि इस दौरे से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा।
पैराशूट नेताओं से नहीं बदलेगी कांग्रेस की किस्मत: भाजपा
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने के.सी. वेणुगोपाल के दौरे पर तीखी चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि इस दौरे से कांग्रेस को कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। पिथौरागढ़ में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान जो सिरफुटौव्वल हुई और कार्यकर्ताओं के कुर्ते फटे, उसी आग को बुझाने के लिए वेणुगोपाल दिल्ली से ‘फायर ब्रिगेड’ की गाड़ी लेकर देहरादून आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अंतर्कलह इतनी ज्यादा है कि उनके केंद्रीय नेता पैराशूट की तरह आते हैं और एक ही दिन में अपना काम निपटाकर भाग जाते हैं। ऐसे नेता पार्टी को क्या बूस्टअप करेंगे।
भाजपा के अंदर डर का माहौल, कांग्रेस का पलटवार
दूसरी तरफ, कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने भाजपा के आरोपों पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के दौरे से भाजपा के “पेट में दर्द” हो रहा है और सत्ताधारी दल के अंदर डर का साफ माहौल दिख रहा है। दसौनी ने कहा कि के.सी. वेणुगोपाल अखिल भारतीय कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं। जब उनका प्रादेशिक नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद होगा, तो निश्चित रूप से 2027 की तैयारियों को नई दिशा मिलेगी। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड आने से बच रहा है और उनके प्रदेश प्रभारी को हर जगह काले झंडे दिखाए जा रहे हैं, जिसकी बौखलाहट भाजपा के बयानों में दिख रही है।
