पेट्रोल पंप का सीसीटीवी फुटेज
बागवान में पेट्रोल पंप कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, इलाके में हड़कंप
-
सीसीटीवी में कैद हुई आखिरी हरकतें; बाहर से लौटते ही हुई खून की उल्टियां
-
फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
टिहरी गढ़वाल: जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बागवान में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत 38 वर्षीय कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुनील भट्ट (38), पुत्र मणिराम भट्ट, निवासी ग्राम बागवान, कीर्तिनगर के रूप में हुई है। वह स्थानीय पेट्रोल पंप पर ही नौकरी करता था। देर रात की इस घटना में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि सुनील पहले पंप से बाहर गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा, तो अचानक उसे खून की उल्टियां होने लगीं और देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। कीर्तिनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, अचानक बीमारी या किसी अन्य संभावित साजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।
