रामनगर
लगातार 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले उत्तराखंड के पहले मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी; 9 जुलाई को बनाएंगे सबसे लंबे कार्यकाल का नया रिकॉर्ड
रामनगर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बतौर मुख्यमंत्री पांच वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा होने पर शनिवार को रामनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ जश्न मनाया। पूर्व नगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मदन जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चित्र पर मिठाई अर्पित कर उनके कुशल नेतृत्व की सराहना की।
यूसीसी और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों ने दिलाई नई पहचान
भाजपा नेता मदन जोशी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड के विकास को एक नई दिशा दी है। अपने कार्यकाल में उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून, कड़ा भू-कानून, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार जैसे कई ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं, जिससे उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान मिली है।
9 जुलाई को टूटेगा नारायण दत्त तिवारी का रिकॉर्ड
मदन जोशी ने इसे प्रदेश की राजनीति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी 9 जुलाई को मुख्यमंत्री धामी, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एन.डी. तिवारी के सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे। इसके साथ ही वह उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले एकमात्र नेता बन जाएंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, देवतुल्य कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री धामी के दीर्घायु होने और उनके सफल नेतृत्व में प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दोहराया
