त्तराखंड लोक सेवा आयोग
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र खोजने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।
इसके साथ ही राज्य लोक सेवा आयोग ने दोनों भर्ती आयोगों के लिए डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम (Examination Centre Management System) विकसित किया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब तक प्रदेशभर के 200 परीक्षा केंद्रों का पंजीकरण किया जा चुका है।
अभ्यर्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
अब तक कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र ढूंढने में काफी परेशानी होती थी। कई बार परीक्षा वाले दिन समय की कमी, गलत लोकेशन या अपर्याप्त जानकारी के कारण उम्मीदवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।नई व्यवस्था लागू होने के बाद एडमिट कार्ड पर मौजूद QR कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन खुल जाएगी। इससे वे आसानी से गूगल मैप के जरिए सीधे परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
दोनों आयोगों के लिए तैयार हुआ एकीकृत सिस्टम
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिसका उपयोग UKPSC और UKSSSC दोनों करेंगे। अब परीक्षा केंद्रों को हर भर्ती परीक्षा के लिए बार-बार पंजीकरण नहीं कराना होगा। एक बार पोर्टल पर पंजीकरण होने के बाद वही जानकारी भविष्य की परीक्षाओं में भी उपयोग की जा सकेगी।
क्षमता और सुविधाओं के आधार पर होगा केंद्रों का चयन
नई प्रणाली में प्रत्येक परीक्षा केंद्र का विस्तृत डिजिटल प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण निम्न आधारों पर किया जाएगा—
* बैठक क्षमता (Seating Capacity)
* कंप्यूटर एवं तकनीकी सुविधाएं
* इंटरनेट और अन्य डिजिटल संसाधन
* सुरक्षा व्यवस्था
* उपलब्ध आधारभूत सुविधाएं
इससे आयोग परीक्षा की संवेदनशीलता और आवश्यकता के अनुसार सबसे उपयुक्त परीक्षा केंद्र का चयन आसानी से कर सकेगा।
SMS और ई-मेल से मिलेंगी सभी सूचनाएं
डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि परीक्षा केंद्रों को सभी आवश्यक सूचनाएं स्वतः प्राप्त होती रहेंगी।पोर्टल के माध्यम से
* पंजीकरण की जानकारी
* परीक्षा आवंटन
* आवश्यक निर्देश
* अलर्ट एवं अपडेट
* उपस्थिति संबंधी सूचना
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्र अब ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे।इससे निगरानी आसान होगी। रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।कागजी कार्रवाई कम होगी परीक्षा संचालन अधिक व्यवस्थित होगा।
प्रदेशभर में 200 परीक्षा केंद्र पंजीकृत
आयोग के परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम के तहत प्रदेशभर से 200 परीक्षा केंद्र अब तक पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें अल्मोड़ा के दो, बागेश्वर के नौ, चमोली के 24, चंपावत के 33, देहरादून के 31, हरिद्वार के आठ, नैनीताल के 17, पौड़ी के 21, पिथौरागढ़ के छह, रुद्रप्रयाग के 13, टिहरी का एक, ऊधमसिंह नगर के 19 और उत्तरकाशी के 16 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। अभी और केंद्र इसमें पंजीकृत होने बाकी हैं।आयोग के अनुसार अभी और परीक्षा केंद्रों का पंजीकरण किया जाना बाकी है।
राज्य लोक सेवा आयोग का कहना है कि इस नई व्यवस्था से भर्ती परीक्षाओं का संचालन पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगा। मुख्य लाभ
* अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र ढूंढने में आसानी
* QR कोड से सीधे लोकेशन उपलब्ध
* परीक्षा केंद्र चयन में तेजी
* बार-बार पंजीकरण की आवश्यकता समाप्त
* डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन
* SMS और ई-मेल के जरिए स्वतः सूचना
* ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली
* कागजी कार्रवाई में कमी
* बेहतर समन्वय और निगरानी
* समय और संसाधनों की बचत
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि इस डिजिटल प्रणाली से कागजी कार्रवाई में कमी आएगी तथा परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय बेहतर होगा। इससे परीक्षा संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बनेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया भी पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
