रायपुर थाना क्षेत्र
6 नंबर पुलिया के पास दो गुटों के विवाद में चली गोलियां, इलाके में दहशत; ठेका हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोग
देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रिंग रोड स्थित 6 नंबर पुलिया के पास एक शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते एक पक्ष ने कट्टा निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में गोलियां लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
विवाद से दूर-दूर तक नहीं था घायलों का नाता
इस खूनी खेल का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि दो बेकसूर राहगीर, जिनका इस झगड़े से कोई संबंध नहीं था, बदमाशों की गोलियों का शिकार हो गए। घायलों की पहचान नवीन राणा (39 वर्ष) और कविंद्र शर्मा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। एक मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का काम करने वाले नवीन राणा के कंधे में गोली लगी है, जिनका इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है। वहीं, कविंद्र शर्मा के बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लगी है, जिन्हें तत्काल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
वारदात की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और आसपास की दुकानों व रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि हमलावरों की पहचान जल्द कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
ठेके के बाहर धरने पर बैठी जनता, हटाने की मांग
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना से गुस्साए दर्जनों लोग और महिलाएं रात में ही शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस ठेके के कारण क्षेत्र में आए दिन शराबी हुड़दंग मचाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है। लोगों ने प्रशासन से इस ठेके को रिहायशी इलाके से तत्काल हटाने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पुरजोर मांग की है।
