प्रतापनगर
टिहरी| जनपद के प्रतापनगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के पिता द्वारा एक 18 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लाठी-डंडों से किए गए इस जानलेवा हमले में युवक के दोस्त को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
रात को फोन कर बुलाया, फिर किया जानलेवा हमला
थाना लंबगांव क्षेत्र के अंतर्गत प्रतापनगर के खोलगढ़ गांव की यह घटना है। प्रतापनगर के देवल गांव निवासी पीड़ित पिता धनपाल लाल ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके पुत्र कीर्तन (18 वर्ष) को खोलगढ़ गांव की एक युवती के फोन से कॉल कर बुलाया गया था। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ मिलकर कीर्तन और उसके साथ आए दोस्त दिवाकर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
रातभर लहूलुहान पड़े रहे युवक, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने दोनों युवकों को मरणासन्न हालत में छोड़ दिया। हमले के बाद दोनों युवक रातभर लहूलुहान स्थिति में मौके पर ही पड़े रहे। सोमवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और कीर्तन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौंड ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने शव उठाने से किया इन्कार, सख्त कार्रवाई की मांग
मृतक कीर्तन का शव फिलहाल सीएचसी लंबगांव के मोर्चरी में रखा गया है। न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से साफ इन्कार कर दिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और त्वरित गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। ग्रामीण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।
“मामले में अभी तक पीड़ित परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस की टीमें घटना की गहनता से जांच कर रही हैं। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
— दीपक सिंह, एएसपी, टिहरी
