लोक सेवा आयोग
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए जारी किया गया नया कैलेंडर बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरता नहीं दिख रहा है। कैलेंडर जारी होने के बाद से ही युवाओं में भारी निराशा है, क्योंकि इसमें बहुप्रतीक्षित पीसीएस , लोअर पीसीएस, समीक्षा अधिकारी और एई-जेई जैसी महत्वपूर्ण भर्तियों का कोई जिक्र नहीं है।
प्रवक्ता परीक्षाओं पर केंद्रित है कैलेंडर
आयोग द्वारा जारी सूची में 21 अप्रैल से 6 दिसंबर तक की 22 परीक्षाओं का विवरण दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि इन 22 परीक्षाओं में से 16 परीक्षाएं केवल प्रवक्ता भर्ती से संबंधित हैं। आयोग पूरे साल अलग-अलग विषयों की प्रवक्ता मुख्य परीक्षाएं आयोजित करने में व्यस्त रहेगा, जबकि प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हाथ खाली हैं।
प्रमुख भर्तियों की स्थिति:
-
PCS और लोअर PCS: नई भर्ती को लेकर कैलेंडर मौन है। हालांकि 27 से 30 अप्रैल तक पुरानी पीसीएस मुख्य परीक्षा रखी गई है।
-
RO-ARO और AE-JE: समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी और इंजीनियरिंग भर्तियों का इंतजार कर रहे युवाओं को इस कैलेंडर में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
-
आरक्षित तिथियां: आयोग ने 6 सितंबर और 4 अक्टूबर का दिन ‘आरक्षित’ रखा है, जिससे उम्मीद है कि शायद भविष्य में इन तिथियों पर कोई बड़ी परीक्षा आयोजित हो।
प्रवक्ता मुख्य परीक्षा का पूरा शेड्यूल:
आयोग द्वारा विषयवार परीक्षाओं की तिथि इस प्रकार तय की गई है:
-
मई: भौतिक शास्त्र (9 मई), नागरिक शास्त्र (10 मई), हिंदी (30 मई), इतिहास (31 मई)।
-
जून-जुलाई: कृषि (11 जून), गणित (5 जुलाई), जीव विज्ञान (12 जुलाई), अंग्रेजी (26 जुलाई)।
-
अगस्त-सितंबर: रसायन शास्त्र (23 अगस्त), वाणिज्य (20 सितंबर), भूगोल (27 सितंबर)।
-
अक्टूबर-दिसंबर: अर्थशास्त्र (11 अक्टूबर), समाजशास्त्र (18 अक्टूबर), संस्कृत (23 अक्टूबर), गृह विज्ञान (29 नवंबर) और कला (6 दिसंबर)।
युवाओं का कहना है कि सरकार और आयोग को बड़ी भर्तियों की विज्ञप्ति जल्द से जल्द जारी करनी चाहिए ताकि लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
