मेडिकल स्टोर सीज
हल्द्वानी। युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले नशे के सौदागरों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसा है। गुरुवार को SOTF और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान श्री श्याम मेडिकल स्टोर को नियमों के उल्लंघन में सीज कर दिया गया है।
छापेमारी में मिला प्रतिबंधित दवाओं का भंडार
जानकारी के अनुसार, टीम को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी। संयुक्त टीम ने जब श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर दबिश दी, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। स्टोर से 20 ब्यूप्रेनोरफिन इंजेक्शन, 113 ट्रामाडोल कैप्सूल और 360 एल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं। ये सभी दवाइयां बिना डॉक्टर के पर्चे और रिकॉर्ड के बेची जा रही थीं, जिनका उपयोग नशे के लिए किया जाता है।
लाइसेंस प्रक्रिया पर उठे सवाल, विभाग घेरे में
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य और औषधि विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि उक्त मेडिकल स्टोर का लाइसेंस पूर्व में भी निरस्त किया जा चुका है, लेकिन बार-बार उसी स्थान पर नया लाइसेंस कैसे जारी हो जाता है, यह जांच का विषय है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस स्टोर के कारण क्षेत्र के युवाओं में नशे की लत तेजी से फैल रही है।
ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर ही ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के नियम 65 का उल्लंघन पाए जाने पर मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना उचित रिकॉर्ड और प्रिस्क्रिप्शन के नशीली दवाओं का भंडारण एक गंभीर अपराध है।
ये भी पढ़े : निवेश के नाम पर अधिकारी से 1.87 करोड़ की डिजिटल ठगी
